Lucknow News: राजधानी लखनऊ में गुरुवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गई, जब सीएम हेल्पलाइन 1076 में काम करने वाली महिला कर्मियों ने अचानक प्रदर्शन शुरू कर दिया। बड़ी संख्या में महिलाएं 1090 चौराहे पर इकट्ठा हुईं और “1076 हाय-हाय” के नारे लगाते हुए अपनी नाराजगी जाहिर करने लगीं।
प्रदर्शन कर रहीं महिलाओं का कहना है कि उन्हें समय पर वेतन नहीं दिया जा रहा है। कई कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि दो-दो महीने की सैलरी रोक ली जाती है और जो भुगतान होता भी है, वह तय राशि से काफी कम होता है। एक महिला कर्मचारी ने रोते हुए बताया कि “हमसे 15 हजार रुपये महीना देने की बात कही गई थी, लेकिन सिर्फ 7000 रुपये ही मिलते हैं।”
मामला यहीं तक सीमित नहीं रहा। कर्मचारियों ने वरिष्ठ अधिकारियों पर अभद्र व्यवहार करने के भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि ऑफिस के अंदर काम के दौरान मानसिक दबाव बनाया जाता है और प्रवेश से पहले मोबाइल फोन तक जमा करा लिए जाते हैं, जिससे वे बाहरी दुनिया से कट जाती हैं।
सुबह करीब 9:30 बजे, स्थिति तब और तनावपूर्ण हो गई जब करीब 200 से ज्यादा कर्मचारी लोहिया पथ होते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर कूच करने लगे। शुरुआत में पुलिस उन्हें रोकने में नाकाम रही। रास्ते में कई बार रोकने की कोशिश की गई, लेकिन प्रदर्शनकारी आगे बढ़ते गए।
आखिरकार संगीत नाटक अकादमी के पास बैरिकेडिंग कर दी गई। जब इसके बावजूद भी कर्मचारी नहीं रुके, तो पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए उन्हें सड़क किनारे हटाना शुरू कर दिया। इस दौरान कुछ महिलाओं को घसीटे जाने की भी बात सामने आई, जिससे माहौल और ज्यादा गर्मा गया।
READMORE: Lucknow News: लखनऊ में बड़ा खेल या साजिश ! रातों-रात गायब हुआ सरकारी तालाब














Leave a Reply