Advertisement

LucknowNews: आज जारी होगी यूपी की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट, करोड़ों नाम कटने की आशंका से बढ़ी हलचल

यूपी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट 2026

LucknowNews: उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची से जुड़ा बड़ा अपडेट सामने आने वाला है। आज राज्य की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी की जाएगी। यह सूची SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रकाशित की जा रही है। दोपहर 3 बजे निर्वाचन आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी, जिसमें मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) नवदीप रिनवा वोटर लिस्ट से जुड़े अहम आंकड़े साझा करेंगे।

ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी होने के बाद मतदाता निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना नाम ऑनलाइन चेक कर सकेंगे। आयोग के आकलन के मुताबिक इस बार करीब 2 करोड़ 89 लाख नाम वोटर लिस्ट से हटाए जाने की संभावना है। फिलहाल उत्तर प्रदेश में कुल 15 करोड़ 44 लाख पंजीकृत मतदाता दर्ज हैं।

निर्वाचन आयोग के अनुसार वोटर लिस्ट से मुख्य रूप से उन नामों को हटाया गया है जो अब पात्र नहीं थे। इसमें मृत व्यक्तियों के नाम, स्थायी रूप से दूसरे स्थान पर शिफ्ट हो चुके मतदाता, और एक से अधिक जगह पंजीकृत लोगों के नाम शामिल हैं। आयोग का कहना है कि मतदाता सूची को अधिक सटीक और पारदर्शी बनाने के लिए यह प्रक्रिया जरूरी थी।

इसके अलावा लगभग 1 करोड़ मतदाताओं की मैपिंग नहीं हो सकी है। ऐसे मामलों में निर्वाचन आयोग संबंधित मतदाताओं को नोटिस जारी करेगा। नोटिस मिलने के बाद मतदाता आवश्यक दस्तावेज दिखाकर अपना नाम पुनः दर्ज करा सकेंगे।

ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी होने के बाद नागरिकों को 6 फरवरी तक आपत्ति दर्ज कराने का अवसर मिलेगा। यदि किसी मतदाता का नाम गलती से कट गया है, या विवरण में त्रुटि है, तो वह तय समयसीमा के भीतर सुधार के लिए आवेदन कर सकता है।

निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे समय रहते अपनी जानकारी जांच लें, ताकि भविष्य में किसी भी तरह की परेशानी से बचा जा सके। आयोग का उद्देश्य है कि आगामी चुनावों से पहले उत्तर प्रदेश की मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध, अद्यतन और भरोसेमंद हो। ड्राफ्ट सूची पर प्राप्त आपत्तियों के निस्तारण के बाद फाइनल वोटर लिस्ट जारी की जाएगी, जो चुनाव प्रक्रिया का आधार बनेगी।

Readalso: LucknowNews: रहीमाबाद वन चौकी क्षेत्र में अवैध पेड़ों की कटान, वन विभाग पर मिलीभगत के आरोप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *