Barabanki Crime News: हैदरगढ़ स्थित प्राचीन एवं ऐतिहासिक अवसानेश्वर महादेव मंदिर में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। स्वाट टीम, सर्विलांस सेल एवं थाना हैदरगढ़ की संयुक्त पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्तों के कब्जे से मंदिर से चोरी की गई कुल 4 किलो 779 ग्राम चांदी, 7 हजार रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त औजार बरामद किए हैं।
बता दे कि चार फरवरी की रात्रि अज्ञात चोरों ने अवसानेश्वर महादेव मंदिर को निशाना बनाते हुए मंदिर में स्थापित चांदी का छत्र, मुकुट, मुखौटा एवं दानपात्र चोरी कर लिया था। यह मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र होने के साथ-साथ एक ऐतिहासिक धरोहर भी है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था तथा श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। लोग कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर रहे थे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बाराबंकी अर्पित विजयवर्गीय द्वारा जनपद में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण तथा चोरी की घटनाओं के शीघ्र अनावरण के लिए सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए गए थे। इसके बाद पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया और तकनीकी साक्ष्यों व सर्विलांस की मदद से जांच शुरू की गई।
पुलिस की सक्रियता का परिणाम यह रहा कि महज 48 घंटों के भीतर, दिनांक 06 फरवरी 2026 को स्वाट, सर्विलांस एवं थाना हैदरगढ़ की संयुक्त टीम ने ग्राम कछवा थाना सुबेहा निवासी वीरेंद्र कुमार पुत्र रामशंकर एवं मदारपुर थाना कोठी जनपद बाराबंकी निवासी जय विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अभियुक्तों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
गिरफ्तारी एवं बरामदगी की कार्रवाई में स्वाट टीम से उप निरीक्षक अंकित त्रिपाठी प्रभारी स्वाट टीम, उप निरीक्षक अभिमन्यु सिंह, उप निरीक्षक श्री अजीज़ुल हसन सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। वहीं सर्विलांस टीम से उप निरीक्षक अजय सिंह प्रभारी सर्विलांस सेल तथा उनकी टीम एवं थाना हैदरगढ़ से प्रभारी निरीक्षक अभिमन्यु मल्ल, अतिरिक्त निरीक्षक शैलेश यादव सहित पुलिस बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस द्वारा की गई त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से न केवल इस चोरी की घटना का सफल अनावरण हुआ है, बल्कि क्षेत्रीय जनता में कानून व्यवस्था के प्रति विश्वास भी मजबूत हुआ है। पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर आगे भी सतर्कता बरती जाएगी।
Readmore:LucknowNews:लखनऊ का स्वच्छता अभियान: दावे तो बड़े, हकीकत है चौंकाने वाली!














Leave a Reply