LucknowNews: लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने बसंत कुंज योजना में राष्ट्र प्रेरणा स्थल के सामने भव्य रेजिडेंशियल अपार्टमेंट्स बनाने का ऐलान किया है। पार्क व्यू अपार्टमेंट्स के नाम से बनने वाले इस प्रोजेक्ट में 154 एवं 195 वर्गमीटर के कुल 364 प्रीमियम फ्लैट शामिल होंगे। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं और 7 मार्च से 6 अप्रैल, 2026 तक फ्लैटों के लिए पंजीकरण खोलने की जानकारी दी है। पंजीकरण केवल एलडीए की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही होगा।
फ्लैटों का आवंटन पारदर्शी लॉटरी प्रक्रिया के जरिए किया जाएगा। पंजीकरण के लिए फ्लैट की अनुमानित कीमत की 5 प्रतिशत राशि बतौर शुल्क जमा करनी होगी, जबकि आरक्षित वर्ग के लिए यह 2.5 प्रतिशत होगी। पार्क व्यू अपार्टमेंट्स का निर्माण पुराने लखनऊ के घनी आबादी वाले क्षेत्र में होगा, जहां ग्रीन कॉरिडोर, आईआईएम रोड, दुबग्गा रोड और चौक जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों से कनेक्टिविटी मौजूद है।
364 फ्लैट्स, 4 टावर और प्रीमियम सुविधाएं
पार्क व्यू अपार्टमेंट्स 13,350 वर्गमीटर क्षेत्र में बनाए जाएंगे और इसमें कुल 4 टावर होंगे। टावर ए एवं बी में 16-16 फ्लोर, टावर सी में 20 फ्लोर और टावर डी में 17 फ्लोर होंगे। फ्लैट 3 बीएचके और 3 बीएचके + सर्वेंट श्रेणी के होंगे, जिनकी कीमत क्रमशः लगभग 75 लाख और 95 लाख रुपये से शुरू होगी।
सोसाइटी में स्वीमिंग पूल, पार्क, क्लब हाउस, किड्स प्ले एरिया, पावर बैकअप और 455 से अधिक वाहनों की पार्किंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके अलावा अपार्टमेंट से राष्ट्र प्रेरणा स्थल का भव्य नजारा देखा जा सकेगा। कॉमर्शियल दुकानों की व्यवस्था भी की जाएगी ताकि आवासियों की व्यावसायिक जरूरतें पूरी हो सकें।
निर्माण और कब्जा योजना
पार्क व्यू अपार्टमेंट्स का निर्माण तीन वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। फ्लैट आवंटन के बाद आवेदकों को 36 महीनों में किश्तों के जरिए भुगतान करना होगा। वहीं, 45 से 90 दिनों में पूरा भुगतान करने पर 4 से 6 प्रतिशत की छूट भी मिलेगी। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि ऑनलाइन डिमांड सर्वे के सकारात्मक परिणाम के बाद ही इस परियोजना को मंजूरी दी गई है, जिससे यह क्षेत्र लखनऊ के रेजिडेंशियल हब के रूप में विकसित होगा।












Leave a Reply