Advertisement

Barabanki News: नाली निर्माण विवाद में ग्रामीणों ने प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार ,आखिर कब मिलेगा न्याय ?

नाली निर्माण और रास्ते विवाद

Barabanki News: बाराबंकी जनपद के मसौली ब्लॉक अंतर्गत ग्राम प्रतापगंज में रास्ते और नाली निर्माण को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। गाँव के निवासी पीताम्बर लाल मौर्य ने मुख्य विकास अधिकारी सहित कई अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की है।

पीड़ित के अनुसार उनके घर के सामने वर्षों पुराना खड़ंजा मार्ग मौजूद है, जो शिवचन्द्र गुप्ता के घर से लेकर अंजनी पंडित के मकान तक उत्तर-दक्षिण दिशा में जुड़ा हुआ है और आम जनता के आवागमन का मुख्य रास्ता है। पीताम्बर लाल मौर्य के दोनों मकान रास्ते के बीच होने के कारण पानी निकासी की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, जिसे नाली बनाकर हल किया जा सकता है।

आरोप है कि कुछ स्थानीय लोगों द्वारा रास्ते पर अवरोध खड़ा कर नाली निर्माण नहीं होने दिया जा रहा, जिससे गंदे पानी का भराव बना रहता है और राहगीरों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। पीड़ित का कहना है कि इस संबंध में पहले भी थाना सफदरगंज, उपजिलाधिकारी, विकास खंड कार्यालय और मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की गई थी। फरवरी 2024 में पुलिस की मौजूदगी में समझौता भी हुआ, जबकि दिसंबर 2025 में फिर से सहमति पत्र तैयार हुआ, जिसमें अतिक्रमण हटाकर नाली बनाने की बात तय हुई थी।

लेकिन आरोप है कि बजट स्वीकृत होने के बाद भी तय सहमति के अनुसार कार्य न कराकर, प्रधान पक्ष द्वारा दूसरे स्थान से इंटरलॉकिंग का कार्य शुरू करा दिया गया। ग्राम सचिव को सूचना देने के बावजूद मौके पर निरीक्षण न होने का भी आरोप लगाया गया है। पीताम्बर लाल मौर्य का यह भी कहना है कि रास्ते की चौड़ाई कम करने और निर्माण कार्य के दौरान उनके मकान की दीवार को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। साथ ही विवाद बढ़ने और किसी अनहोनी की आशंका भी जताई गई है।

ग्रामीण ने प्रशासन से मांग की है कि मौके की निष्पक्ष जांच कराकर नाली और रास्ते का निर्माण पूर्व सहमति के अनुसार कराया जाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके। फिलहाल प्रशासनिक स्तर पर क्या कार्रवाई होती है, इस पर ग्रामीणों की नजर बनी हुई है।

Readmore: Barabanki News: CM योगी के आगमन को लेकर हाई अलर्ट, प्रशासन पूरी तरह सतर्क

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *