Advertisement

LucknowNews: लखनऊ में अवैध प्लॉटिंग पर एलडीए का शिकंजा, जनता को निवेश से बचने की अपील

LucknowNews: एलडीए ने राजधानी में बढ़ती अवैध प्लॉटिंग पर सख्त रुख अपनाते हुए आम जनता से अपील की है कि बिना प्राधिकरण की अनुमति वाले प्लॉटों में निवेश करने से बचें। एलडीए का कहना है कि कई लोग सस्ती जमीन और बड़े मुनाफे का लालच देकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं, जिससे बाद में खरीदारों को कानूनी और आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

एलडीए की जांच में सामने आया है कि बीकेटी क्षेत्र के साढ़ामऊ में बड़े पैमाने पर अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी। यहां बिना नक्शा स्वीकृत कराए जमीन को छोटे-छोटे प्लॉटों में काटकर बेचा जा रहा था। मामले की जानकारी मिलने के बाद एलडीए ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित लोगों को नोटिस जारी किया और सभी निर्माण कार्यों को तुरंत बंद करने के आदेश दे दिए।

जांच के दौरान यह भी पता चला कि राममोहन लोधी नामक व्यक्ति लोगों को गुमराह कर इन अवैध प्लॉटों की बिक्री कर रहा था। बताया जा रहा है कि एलडीए की ओर से नोटिस जारी होने के बाद भी कुछ स्थानों पर प्लॉटों की बिक्री जारी रही। इस कारण कई लोग बिना जानकारी के इन प्लॉटों में पैसा लगाकर अब परेशानी में फंस गए हैं।

एलडीए अधिकारियों के अनुसार,रामपुर बेहढ़ा और मदारीपुर में विकसित की गई अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। जल्द ही यहां अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाया जाएगा। इसके अलावा इटौंजा क्षेत्र के कल्याणपुर में भी अवैध प्लॉटिंग का मामला सामने आया है, जहां प्रशासन कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।

इस पूरे मामले में जिला पंचायत के एएमए ने भी संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि अवैध तरीके से जमीन बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति लोगों को धोखा देकर प्लॉट न बेच सके।

एलडीए ने एक बार फिर जनता से अपील की है कि किसी भी जमीन या प्लॉट को खरीदने से पहले उसकी वैधता की पूरी जांच जरूर करें। प्राधिकरण से स्वीकृत लेआउट, नक्शा और जरूरी दस्तावेजों की पुष्टि करना बेहद जरूरी है। अधिकारियों का कहना है कि शहर में अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *