Advertisement

Brij Bhushan Singh Viral Video: बृजभूषण सिंह के साथ वायरल वीडियो में दिखीं महिला ने बताई पूरी सच्चाई, अटकलों पर लगाया विराम

Brij Bhushan Singh Viral Video

Brij Bhushan Singh Viral Video: उत्तर प्रदेश के गोंडा से सामने आए एक वायरल वीडियो ने एक बार फिर भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह को चर्चा के केंद्र में ला दिया है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो में बृजभूषण शरण सिंह एक महिला के साथ नजर आ रहे हैं, जिसके बाद इंटरनेट पर तरह-तरह की अटकलें, सवाल और टिप्पणियां शुरू हो गईं। लोग यह जानने को उत्सुक थे कि वीडियो में दिख रही महिला आखिर कौन है और वीडियो का असली संदर्भ क्या है।

इस वायरल वीडियो को लेकर उठे विवाद के बीच अब वीडियो में नजर आ रही महिला खुद सामने आई हैं और उन्होंने पूरे मामले पर अपनी सफाई दी है। वीडियो में दिखाई देने वाली महिला का नाम कविता सिंह है, जो उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले की रहने वाली हैं। कविता ने बताया कि वह एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हैं और इंस्टाग्राम समेत अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सक्रिय रहती हैं। रील और वीडियो बनाना उनका शौक है और इसी सिलसिले में वह विभिन्न सार्वजनिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेती रहती हैं।

कविता सिंह ने स्पष्ट किया कि वायरल वीडियो बृजभूषण शरण सिंह के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान बनाया गया था। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर भारी भीड़ मौजूद थी और चारों ओर काफी शोर-शराबा था। इसी वजह से उन्हें और बृजभूषण शरण सिंह को एक-दूसरे की बात ठीक से सुनाई नहीं दे रही थी। कविता के मुताबिक, उन्होंने केवल इतना ही कहा था कि “जोर से बोलिए”, क्योंकि आवाज साफ नहीं आ रही थी।

सोशल मीडिया पर लगाए जा रहे चिपकने या गले लगाने जैसे आरोपों को कविता सिंह ने पूरी तरह खारिज किया है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में जगह बेहद कम थी और लोग एक-दूसरे के बहुत करीब खड़े थे, जिससे वीडियो को गलत नजरिए से देखा जा रहा है। वीडियो में एक युवक को हटाए जाने को लेकर उठे सवालों पर भी कविता ने सफाई दी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद था और नियमों के तहत किसी को भी एक मिनट से ज्यादा रुकने की अनुमति नहीं दी जा रही थी।

वीडियो को डिलीट करने को लेकर कविता सिंह ने बताया कि यह रील उन्होंने खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट की थी, जिसे एक घंटे के भीतर करीब 10 लाख व्यूज मिल गए थे। हालांकि, जब उन्होंने देखा कि वीडियो को लेकर गलत अर्थ निकाले जा रहे हैं और बेवजह विवाद खड़ा हो रहा है, तो उन्होंने इसे डिलीट कर दिया। कविता ने अफसोस जताया कि इसके बावजूद कुछ लोगों ने वीडियो डाउनलोड कर लिया और छोटे-छोटे क्लिप बनाकर भ्रामक दावों के साथ वायरल करना शुरू कर दिया। फिलहाल, कविता सिंह की सफाई के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि वायरल वीडियो को लेकर फैलाई जा रही कई बातें तथ्यहीन थीं।

Readmore: AmbedkarNagar: युवा दिवस पर हरिनाथ सेवा संस्थान की प्रेरणादायक पहल, रक्तदान शिविर में उमड़ा युवाओं का उत्साह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *