SitapurNews: सीतापुर में भाजपा के वरिष्ठ विधायक ज्ञान तिवारी ने स्थानीय रामपुर मथुरा थाना परिसर में धरना देकर पुलिस और प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए। रविवार दोपहर करीब 1 बजे, समर्थकों के साथ थाने पहुंचे विधायक ने जमीन पर बैठकर विरोध प्रदर्शन शुरू किया। उनका आरोप था कि थाना प्रभारी संजय पांडेय, दीवान रविशंकर यादव और कांस्टेबल विनोद कुमार की कार्रवाई ढ़ीली और पक्षपातपूर्ण रही, जिससे निषाद समाज और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ अन्याय हुआ।
विधायक ने पुलिस पर भेदभाव और वसूली के आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि शनिवार रात रामपुर मथुरा के सुरजनपुर में निषाद समाज द्वारा आयोजित नौटंकी कार्यक्रम को पुलिस ने बिना उचित अनुमति रोक दिया, जबकि चार दिन पहले समाजवादी पार्टी के समर्थकों द्वारा की गई इसी तरह की नौटंकी पर कोई कार्रवाई नहीं हुई थी। इस भेदभाव के चलते विधायक ने पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ धरना जारी रखा।
धरने के दौरान विधायक और थाना प्रभारी के बीच तीखी बहस भी हुई। विधायक ने कहा, “तुम थाना छोड़ दोगे? तुम्हारी औकात क्या है, इस्तीफा देकर दिखाओ।” इस दौरान सीओ वेद प्रकाश मौके पर पहुंचे और विधायक को शांत करने का प्रयास किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
करीब दो घंटे बाद एएसपी दुर्गेश सिंह और एसपी अंकुर अग्रवाल ने विधायक से फोन पर बात कर 24 घंटे में जांच और कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद विधायक ने धरना समाप्त किया और समर्थकों के साथ लौट गए। धरने के दौरान थाने में भारी भीड़ जुट गई, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया।
विधायक ने कहा कि दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई न होने पर वे इस मुद्दे को उच्च स्तर तक उठाएंगे। प्रशासन ने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी और भविष्य में सभी पक्षों के साथ निष्पक्ष व्यवहार सुनिश्चित किया जाएगा। यह धरना केवल व्यक्तिगत नाराजगी का मामला नहीं है, बल्कि प्रशासन और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच बढ़ते तनाव और जवाबदेही का संकेत भी माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे प्रदर्शन कानून व्यवस्था और प्रशासनिक पारदर्शिता दोनों के लिए संदेश हैं।
READMORE: Ramadan 2026: लखनऊ ईदगाह में रमजान की तैयारी शुरू, जानिए कब है पहला रोज़ा 19 या 20 फरवरी?













Leave a Reply