Lucknow News: राजधानी लखनऊ के थाना सैरपुर( Sairpur) क्षेत्र के रेथा रोड स्थित ग्राम धतिंगा में बीती रात अवैध खनन का बड़ा मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि खनन माफियाओं ने पुलिस की मिलीभगत से रातों-रात समतल भूमि को गहरी खंदकों में बदल दिया। घटनास्थल की तस्वीरें और ग्रामीणों के बयान इस बात की ओर इशारा करते हैं कि अवैध खनन को रोकने के बजाय स्थानीय पुलिस से संरक्षण मिल रहा है।
मुख्यमंत्री के सख्त आदेशों के बावजूद अवैध खनन जारी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ(CMYogi) द्वारा अवैध खनन पर कड़ी कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं, इसके बावजूद उनके आवास से मात्र 10 किलोमीटर दूरी पर खनन माफियाओं का बेखौफ होकर सक्रिय रहना गंभीर सवाल खड़े करता है।ग्रामीणों के अनुसार, राजधानी में बैठे जिम्मेदार अधिकारी अपनी कुर्सियों पर बैठकर लापरवाही बरत रहे हैं, जिससे माफियाओं का हौसला और बढ़ रहा है।
रातभर अधिकारियों को किया फोन, लेकिन किसी ने नहीं उठाया कॉल
ग्रामीणों ने बताया कि बीती रात अवैध खनन की सूचना देने के लिए उन्होंने कई बार खनन अधिकारी, बक्शी का तालाब के एसडीएम और अन्य संबंधित अफसरों को फोन किया, लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं की। स्थानीय लोगों का कहना है कि अधिकारियों को पता है कि सवाल कौन करेगा, इसलिए वे शिकायतों को अनदेखा करते हैं।
किसान नेता ने दी चेतावनी – कार्रवाई नहीं हुई तो जाएंगे मुख्यमंत्री जनता दरबार
सुबह होते ही किसान नेता ने मौके का निरीक्षण कर पूरे मामले की जानकारी सभी जिम्मेदार अधिकारियों को दे दी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि—“यदि अवैध खनन के खिलाफ त्वरित कार्रवाई नहीं की गई, तो हम अपने साथियों के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दरबार में पहुंचकर लापरवाह अधिकारियों व खनन माफियाओं के खिलाफ लिखित शिकायत देंगे।”
ग्रामीणों में आक्रोश
लगातार हो रहे अवैध खनन से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों का कहना है कि खनन से गांव की जमीन खराब हो रही है और भविष्य में इससे बड़ी दुर्घटनाएं भी हो सकती हैं।















Leave a Reply