Advertisement

Barabanki News:सम्मानित शिक्षिका ने क्यों चुना मौत का रास्ता !आत्महत्या या उकसावा?

Barabanki News “शिक्षिका आत्महत्या केस

Barabanki News:बाराबंकी जिले के हरख विकासखंड क्षेत्र स्थित कंपोजिट विद्यालय उदवापुर में सहायक अध्यापिका उमा वर्मा (40) द्वारा प्रधानाध्यापक कक्ष में फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। सोमवार को जब घटना के दो दिन बाद विद्यालय खुला, तो कई नए और चौंकाने वाले तथ्य सामने आए।

विद्यालय में कुल 330 छात्र पंजीकृत हैं, लेकिन सोमवार को महज 1–2 छात्र ही स्कूल पहुंचे, जबकि सभी 16 शिक्षक और पांच रसोइया स्टाफ मौजूद मिले। बताया गया कि जिस दिन घटना हुई, उस दिन विद्यालय छात्रों और स्टाफ से भरा हुआ था। इसके बावजूद शिक्षिका का प्रधानाध्यापक के कमरे में जाकर आत्महत्या करना कई सवाल खड़े करता है, खासकर तब जब कमरे का दरवाजा अंदर से बंद नहीं था।

कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा अर्पिता ने बताया कि वह अपनी क्लास में थी, तभी एक रसोइया शिक्षिका को खोजते हुए आई। जब उमा मैडम अपनी कुर्सी पर नहीं मिलीं, तो बाहर जाकर देखा गया, जहां वह प्रधानाध्यापक कक्ष में फांसी के फंदे से लटकी हुई थीं। अर्पिता ने भावुक होकर कहा, “मैडम बहुत अच्छी थीं, हमें अच्छे से पढ़ाती थीं, अब उनकी बहुत याद आ रही है।”

विद्यालय की शिक्षिका अर्चना वर्मा ने बताया कि उमा वर्मा रोज की तरह स्कूल आई थीं। कुछ देर बाद उन्होंने टॉयलेट जाने की बात कही, लेकिन सीधे ऑफिस चली गईं, जहां उन्होंने आत्मघाती कदम उठा लिया। उनके अनुसार उमा का व्यवहार बेहद अच्छा था और वह सभी से सम्मान से बात करती थीं।

मृतका के पति ऋषि वर्मा की तहरीर पर पुलिस ने विद्यालय की इंचार्ज प्रधानाध्यापिका सीतावती और सहायक अध्यापक सुशील वर्मा के खिलाफ मानसिक प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया है। पति का आरोप है कि उमा को लगातार ताने दिए जाते थे—“बहुत पढ़ाकू बनती हो, फांसी लगाकर मर जाओ‘, सरकार से अवार्ड चाहिए, बच्चों के लिए जान दे दो,  हम पर कोई असर नहीं पड़ेगा।”

बताया गया कि उमा वर्मा के मार्गदर्शन में एक छात्र का राष्ट्रीय स्तर पर चयन हुआ था, जिसके लिए 11 नवंबर 2025 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वयं उनकी सराहना की थी। इसके बाद कथित तौर पर उनके प्रति प्रताड़ना और बढ़ गई। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार पाठक ने घटना को अत्यंत दुखद बताया और कहा कि जांच जारी है, दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई होगी।

Readmore:Sitapurnews: पति की हत्या! पत्नी और प्रेमी की डरावनी साज़िश का हुआ खुलासा

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *