Barabanki News: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के त्रिवेदीगंज क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है। लोनी कटरा थाना क्षेत्र में एक शिक्षिका पर आरोप लगा है कि उन्होंने स्कूल नहीं आने पर एक छात्र के घर जाकर उसकी पिटाई कर दी। घटना को लेकर परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लदई का पुरवा निवासी सुनील कुमार ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनका 7 वर्षीय बेटा आयुष रावत बीमार होने के कारण स्कूल नहीं जा सका था। आयुष दुन्दीपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में पढ़ता है। आरोप है कि विद्यालय में तैनात शिक्षिका शालू वर्मा इस बात से नाराज हो गईं और छात्र के घर पहुंचकर उसकी पिटाई कर दी।
परिजनों का कहना है कि बच्चे की तबीयत खराब थी, जिसकी जानकारी विद्यालय को दी गई थी। इसके बावजूद शिक्षिका द्वारा घर आकर मारपीट किए जाने से परिवार आहत है। घटना के बाद बच्चे में डर का माहौल बताया जा रहा है। पीड़ित छात्र के पिता ने लोनी कटरा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
लोनी कटरा थानाध्यक्ष अभय कुमार मौर्या ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, मामले में खंड शिक्षा अधिकारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। घटना के बाद क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था और बच्चों की सुरक्षा को लेकर चर्चा तेज हो गई है। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच और प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं।













Leave a Reply