Barabanki News:उत्तर प्रदेश के बाराबंकी( Barabanki ) जिले से हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी की सभी रस्में पूरी होने के बाद विदाई से ठीक पहले दुल्हन अचानक रहस्यमयी तरीके से गायब हो गई। घटना के बाद दोनों परिवारों में अफरा-तफरी मच गई और कई घंटों की तलाश के बावजूद वधू का कोई सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
तीन महीने पहले पक्का हुआ था रिश्ता
जानकारी के मुताबिक, बंशीलाल गौतम की पुत्री पल्लवी की शादी घुंघटेर थाना क्षेत्र के ग्राम बाबागंज निवासी सुशील गौतम से तय हुई थी। रिश्ता तीन महीने पहले पक्का हुआ था। शादी की तैयारियां दोनों परिवारों की सहमति से चल रही थीं।
दूल्हा 11 वैन और 90 बारातियों के साथ आया
विवाह समारोह को भव्य रूप देने के लिए दूल्हा सुशील गौतम 11 वैनों में करीब 90 बाराती लेकर पल्लवी के घर पहुंचा। बताया जाता है कि शादी के खर्च पूरे करने के लिए सुशील ने अपनी तीन बीघे जमीन तक गिरवी रख दी थी, ताकि कार्यक्रम में कोई कमी न रह जाए।
दूल्हे ने मीडिया से बातचीत में अपना दर्द बयां करते हुए कहा:
“जयमाला हुई, फेरे हुए। फिर साली ने हमारे जूते चुरा लिए। कार ड्राइवर ने कहा— जल्दी विदाई करो, हमें दूसरी बुकिंग में जाना है। हम इंतज़ार करते रहे… लेकिन दुल्हन आई ही नहीं। तब हमनें डायल-112 पर कॉल किया।”
घंटों इंतज़ार, लेकिन नहीं मिला कोई सुराग
परिवार के लोगों ने शादी स्थल और आसपास के इलाकों में खोजबीन की, लेकिन दुल्हन का कोई पता नहीं चल सका। मामले ने दोनों परिवारों को उलझन में डाल दिया है।
पुलिस जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुल्हन की तलाश शुरू कर दी। दूल्हा पक्ष ने दुल्हन के परिजनों से पूछताछ की, मगर संतोषजनक जवाब न मिलने पर लिखित शिकायत भी दर्ज कराई गई है। विदाई से पहले दुल्हन के अचानक गायब होने का यह मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जहां लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं .
readmore:














Leave a Reply