Advertisement

Barabanki News: बड़नापुर गाँव में राजस्व टीम की बड़ी कार्रवाई,अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई जारी

बाराबंकी में अवैध अतिक्रमण पर प्रशासन का कड़ा संदेश

Barabanki News: यूपी के बाराबंकी के हैदरगढ़ में राजस्व विभाग ने बड़नापुर गाँव में सरकारी चकमार्ग से अवैध कब्जा हटाकर उसे पूरी तरह से कब्जा मुक्त कराया। यह कार्रवाई उपजिलाधिकारी राजेश कुमार विश्वकर्मा के निर्देश पर नायब तहसीलदार रामजी द्विवेदी के नेतृत्व में गठित राजस्व टीम द्वारा की गई।

जानकारी के अनुसार, बड़नापुर गाँव के निवासी राजू सिंह ने पहले संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम समाज की चकमार्ग भूमि (गाटा संख्या 81, 87 और 88) पर कुछ स्थानीय लोगों द्वारा अवैध कब्जा किया गया है। इस अतिक्रमण के कारण उनके खेतों तक आने-जाने का रास्ता बंद हो गया था और उनकी गन्ने की फसल प्रभावित हो रही थी।

उपजिलाधिकारी ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नायब तहसीलदार को आवश्यक कार्रवाई के आदेश दिए। नायब तहसीलदार रामजी द्विवेदी के नेतृत्व में राजस्व टीम मौके पर पहुंची। टीम में राजस्व निरीक्षक बालकृष्ण उपाध्याय, हल्का लेखपाल सनिकांत, लेखपाल कुलदीप और रामसजीवन शामिल थे।

टीम ने ट्रैक्टर और अन्य आवश्यक साधनों की मदद से सरकारी चकमार्ग पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया और मार्ग को पूरी तरह से कब्जा मुक्त कराया। नायब तहसीलदार ने बताया कि यह कार्रवाई उपजिलाधिकारी के आदेशानुसार की गई है, ताकि गाँववासियों के कृषि कार्य और आवागमन में कोई बाधा न रहे।

अवैध कब्जा हटाए जाने के बाद स्थानीय किसानों और गाँववासियों ने राहत की साँस ली। उन्होंने कहा कि मार्ग खुलने से अब खेतों तक आसान पहुंच हो गई है और फसल की देखभाल सुगमता से की जा सकेगी।

राजस्व अधिकारियों ने यह भी चेतावनी दी कि भविष्य में किसी भी प्रकार के अवैध अतिक्रमण की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उपजिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि गाँवों में नियमित निरीक्षण कर सरकारी जमीन और चकमार्ग की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। इस कार्रवाई से यह संदेश गया कि प्रशासन सरकारी संपत्ति और मार्गों पर किसी भी अवैध कब्जे को बर्दाश्त नहीं करेगा और समय पर कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।

Readmore: SitapurNews: सगे भाइयों ने की बड़े भाई-भाभी की निर्मम हत्या,सामने आई ये बड़ी वजह 

https://youtu.be/HcOC1kxiFew?si=zF5uuW9A0SNloCcS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *