Advertisement

Lucknow University: नमाज़ को लेकर क्यों सुलगी लखनऊ यूनिवर्सिटी…कैंपस में घमासान! किसके इशारे पर हो रहा खेल?

लाल बारादरी नमाज़ विवाद

Lucknow University: लखनऊ विश्वविद्यालय के परिसर में स्थित ऐतिहासिक लाल बारादरी को लेकर इन दिनों विवाद गहराता जा रहा है। मामला रमज़ान के दौरान नमाज़ पढ़ने को लेकर शुरू हुआ, जिसने अब छात्र संगठनों के बीच टकराव का रूप ले लिया है।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए लाल बारादरी भवन और उसमें स्थित मस्जिद के गेट को सील कर बैरिकेडिंग लगा दी। प्रशासन का कहना है कि इमारत काफी जर्जर हालत में है और कभी भी हादसा हो सकता है। इसलिए सभी के प्रवेश पर अस्थायी रोक लगाई गई है।

लेकिन कुछ छात्र संगठनों, खासकर एनएसयूआई और समाजवादी पार्टी छात्रसभा से जुड़े कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध किया। उनका आरोप है कि रमज़ान के पवित्र महीने में मुस्लिम छात्रों को नमाज़ अदा करने से रोका जा रहा है। रविवार को कुछ छात्रों ने बैरिकेडिंग हटाकर नमाज़ पढ़ी, जिसके बाद माहौल और गरमा गया।

सोमवार को विरोध प्रदर्शन के दौरान कुछ छात्र “जय श्री राम” और “जय भवानी” के नारे लगाते हुए पहुंचे। बताया गया कि इनमें अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े छात्र भी शामिल थे। एबीवीपी के छात्र नेता जतिन शुक्ला ने कहा कि लाल बारादरी एक संरक्षित धरोहर है और वहां किसी भी तरह की धार्मिक या राजनीतिक गतिविधि से इमारत को नुकसान हो सकता है। उनका कहना था कि विश्वविद्यालय शिक्षा का मंदिर है, न कि राजनीति का अखाड़ा।

विश्वविद्यालय के प्रवक्ता प्रोफेसर मुकुल श्रीवास्तव ने स्पष्ट किया कि यह कदम किसी समुदाय विशेष के खिलाफ नहीं है। उन्होंने बताया कि इमारत की हालत बेहद खराब है, पहले यहां स्थित यूको बैंक और स्टाफ क्लब को भी हटाया जा चुका है। कई छात्र चेतावनी के बावजूद अंदर जाकर रील बना रहे थे, जिससे खतरा और बढ़ गया था। प्रशासन ने एएसआई से इमारत के जीर्णोद्धार के लिए पत्राचार भी किया है।

विवाद को देखते हुए कैंपस में भारी पुलिस और पीएसी बल तैनात किया गया। हालांकि पुलिस और प्रशासन के समझाने के बाद प्रदर्शन फिलहाल शांत हो गया है, लेकिन छात्र संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि नमाज़ पर रोक जारी रही तो आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

फिलहाल कैंपस का माहौल तनावपूर्ण है। प्रशासन सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की बात कर रहा है, जबकि छात्र संगठन अपने अधिकारों की मांग पर अड़े हैं। अब देखना होगा कि इस विवाद का समाधान बातचीत से निकलता है या आंदोलन और तेज होता है।

Readmore:SitapurNews: सगे भाइयों ने की बड़े भाई-भाभी की निर्मम हत्या,सामने आई ये बड़ी वजह

https://youtu.be/fxo7FIBRX3g?si=NAfGdgH1B8A8P2z9

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *