Lucknow News: लखनऊ में तेज़ रफ्तार वाहनों का कहर लगातार जारी है। ताज़ा मामला थाना तालकटोरा (Talakatora)क्षेत्र से सामने आया है, जहाँ एक तेज़ रफ्तार सेंट्रो कार ने एक्टिवा सवार को जोरदार टक्कर मार दी। यह हादसा तालकटोरा के एमआईएस चौकी क्षेत्र में हुआ, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सेंट्रो कार तेज़ गति में थी और अचानक एक्टिवा सवार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि एक्टिवा सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया । हादसे के बाद कार चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और सेंट्रो कार पास की दीवार में जा घुसी, जिससे दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई।
इस दुर्घटना में एक्टिवा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई वहीं कार के अगले हिस्से को भी भारी नुकसान पहुंचा है। घायल एक्टिवा सवार को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत अस्पताल भिजवाया गया, जहाँ उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार घायल की हालत स्थिर बताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही एमआईएस चौकी प्रभारी प्रवीन यादव अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत स्थिति को संभालते हुए यातायात को सामान्य कराया और घायल को इलाज के लिए भेजा। मौके से साक्ष्य जुटाकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
कार चालक की पहचान अनिकेत चौबे के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर थाना तालकटोरा पहुंचाया, जहाँ उससे पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में हादसे का मुख्य कारण तेज़ रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना माना जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में तेज़ रफ्तार वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे गति सीमा का पालन करें और ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन करें, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।














Leave a Reply