Advertisement

LucknowNews: गोमतीनगर में 2 माह से टूटा बिजली खंभा, हादसे का इंतजार करता विभाग

गोमतीनगर बिजली समस्या टूटा बिजली खंभा खतरा

LucknowNews: लखनऊ के गोमतीनगर ज़ोन अंतर्गत सेक्टर-05 पावर हाउस क्षेत्र के गीतापुरी खरगापुर स्थित साईं मंदिर के पास टूटा हुआ बिजली का खंभा पिछले लगभग दो माह से लोगों के लिए खतरा बना हुआ है। हैरानी की बात यह है कि शिकायत, निरीक्षण और जांच के बावजूद अब तक इस खंभे को नहीं बदला गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि विभागीय लापरवाही के चलते किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार यह बिजली खंभा करीब 25 दिन नहीं बल्कि लगभग दो महीने पहले टूट गया था और तभी से हवा में लटका हुआ है। इस दौरान अवर अभियंता (एचटी/एलटी) विकाश पाल और 11 केवी व एलटी से जुड़े अधिकारियों द्वारा स्थल निरीक्षण भी किया गया, लेकिन निरीक्षण के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। खंभा आज भी उसी खतरनाक स्थिति में मौजूद है।

सूत्रों का कहना है कि अवर अभियंता द्वारा संविदाकर्मियों को सीधे काम कराने के बजाय ठेकेदार से बात कर खंभा बदलवाने का फरमान जारी किया गया। इससे संविदाकर्मियों में नाराजगी है। एक ओर जहां संविदाकर्मी अवर अभियंता के आदेश पर तय 8 घंटे की जगह 12 घंटे तक काम करने को मजबूर हैं, वहीं दूसरी ओर इस गंभीर समस्या को जानबूझकर टाला जा रहा है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि साईं मंदिर के पास श्रद्धालुओं और राहगीरों की आवाजाही लगातार बनी रहती है। ऐसे में टूटे हुए बिजली खंभे से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। बारिश या तेज हवा की स्थिति में यह खतरा और बढ़ जाता है। लोगों ने कई बार विभाग को अवगत कराया, लेकिन अब तक सिर्फ आश्वासन ही मिला है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर भविष्य में कोई दुर्घटना होती है तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? अवर अभियंता, ठेकेदार या फिर कोई उच्च अधिकारी? विभागीय उदासीनता और कथित भ्रष्टाचार के आरोप इस मामले को और गंभीर बना रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने उच्च अधिकारियों से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और तत्काल खंभा बदलवाया जाए, ताकि किसी अनहोनी से पहले इस समस्या का समाधान हो सके। अब देखना यह है कि बिजली विभाग कब जागता है और जनता की सुरक्षा को प्राथमिकता देता है।

Readmore:BarabankiNews:  गांव माती में बुनियादी सुविधाओं का अभाव, ग्रामीणों की बढ़ी चिंता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *