Lucknow News: राजधानी लखनऊ में भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) राष्ट्रीयवाद के नेतृत्व में किसानों ने लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। सैकड़ों की संख्या में किसान डंडा, झंडा और हसिया लेकर एलडीए के मुख्य द्वार पर पहुंचे और वहीं दरी बिछाकर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।
किसानों का मुख्य मुद्दा भूमि अधिग्रहण से जुड़ा है। उनका आरोप है कि उनकी जमीन अधिग्रहित किए जाने के बाद उन्हें उचित मुआवजा नहीं दिया गया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि प्रशासन द्वारा कई वादे किए गए थे, लेकिन अब तक उन्हें पूरा नहीं किया गया। किसानों ने आवास और गांव विकास से संबंधित योजनाओं में भी अनियमितता का आरोप लगाया।
धरने में शामिल किसानों ने कहा कि उन्हें 400 चबूतरे देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन केवल 120 चबूतरे ही उपलब्ध कराए गए। इसे किसानों ने सीधा वादाखिलाफी करार दिया। उनका कहना है कि प्रशासन ने लिखित और मौखिक दोनों स्तर पर भरोसा दिलाया था, लेकिन जमीनी स्तर पर वादे पूरे नहीं किए गए।
इस प्रदर्शन में महिला किसानों की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही। महिला किसानों ने मंच से अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि जमीन और आजीविका से जुड़े मुद्दे उनके परिवार के भविष्य से जुड़े हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।
भाकियू राष्ट्रीयवाद के पदाधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं सुना जाएगा, तब तक धरना जारी रहेगा। उन्होंने प्रशासन से वार्ता कर समस्याओं का समाधान निकालने की मांग की। किसानों ने यह भी ऐलान किया कि मांगें पूरी न होने पर आंदोलन को तेज किया जाएगा और बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे।
Readalso:LucknowNews:लखनऊ नगर निगम में सनसनीखेज मामला! अफसरों पर बड़ी कार्रवाई, लोगों में मचा हड़कंप












Leave a Reply