Advertisement

Lucknow News: निजामपुर में सरकारी व्यवस्था हुई बदहाली का शिकार, दो साल से कूड़े में पड़ा सरकारी नल

"निजामपुर जल नल"

Lucknow News: लखनऊ जिले के मल्हौर क्षेत्र स्थित निजामपुर कस्बे में सरकारी योजनाओं की हकीकत बेहद चिंताजनक तस्वीर पेश कर रही है। गांव में लगाया गया सरकारी जलापूर्ति नल पिछले दो वर्षों से खराब हालत में पड़ा है, वह भी कूड़े-कचरे और गंदगी के बीच, लेकिन आज तक इसे ठीक कराने कोई जिम्मेदार अधिकारी नहीं पहुंचा।

सबसे गंभीर बात यह है कि नल के आसपास न तो नाली बनाई गई है और न ही पानी की निकासी की कोई व्यवस्था है। जब नल चालू था, तब पानी चारों ओर फैल जाता था, जिससे कीचड़ और गंदगी बढ़ती गई। इसी लापरवाही के चलते नल बार-बार खराब हुआ और अब पूरी व्यवस्था ठप पड़ी है।

ग्रामीणों के अनुसार, नल खराब होने के बाद उन्होने कई बार विभाग में इसकी शिकायत की है लेकिन अभी तक किसी ने कोई सुध नहीं ली, मजबूरी में गांव के लोगों ने आपस में पैसा इकट्ठा कर इसे ठीक कराया, लेकिन कुछ समय बाद यह फिर खराब हो गया। इसके बाद से लेकर अब तक कोई भी सरकारी कर्मचारी या विभागीय टीम मरम्मत के लिए नहीं आई।

आज स्थिति यह है कि सरकारी नल कूड़े के ढेर में दबा हुआ है, आसपास गंदा पानी जमा रहता है और मच्छरों व बीमारियों का खतरा बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद सिर्फ आश्वासन ही मिला, काम आज तक नहीं हुआ।

सरकार एक ओर जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत अभियान की बात करती है, वहीं निजामपुर गांव की यह हालत इन दावों पर सवाल खड़े करती है। बिना नाली बनाए नल लगा देना और फिर उसकी देखरेख न करना, यह साफ तौर पर सरकारी संसाधनों की बर्बादी है।

ग्रामीणों की मांग है कि नल की मरम्मत के साथ-साथ तत्काल नाली निर्माण कराया जाए, ताकि पानी की निकासी हो सके और गंदगी से निजात मिले। साथ ही, इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में सरकारी संपत्ति यूं ही कूड़े में पड़ी न रहे।

readmore: Lucknow News: लखनऊ विकास प्राधिकरण की बड़ी कार्रवाई, अमौसी एयरपोर्ट के पीछे अवैध कॉलोनी ध्वस्त

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *