Cockroach Janta Party :देश में बेरोजगारी, पेपर लीक और सरकारी भर्तियों में देरी जैसे मुद्दों के बीच उभरी ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) अब सिर्फ एक मीम नहीं, बल्कि बड़ा डिजिटल और राजनीतिक मुद्दा बनती जा रही है। गुरुवार 21 मई को पार्टी के X (ट्विटर) अकाउंट पर भारत में रोक लगा दी गई, लेकिन हैरानी की बात यह है कि बैन के बाद इसकी लोकप्रियता और तेजी से बढ़ती दिख रही है।
पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने खुद इस बैन की जानकारी सोशल मीडिया पर दी और लिखा, “जैसा सोचा था, वैसा ही हुआ।” इस एक लाइन ने ही सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी। जहां X पर अकाउंट बंद हुआ, वहीं इंस्टाग्राम पर CJP के फॉलोअर्स 1.26 करोड़ तक पहुंच गए, जो कई बड़ी राजनीतिक पार्टियों को टक्कर दे रहे हैं।
दरअसल, इस पूरी कहानी की शुरुआत एक विवादित बयान से मानी जा रही है, जिसमें कथित तौर पर बेरोजगार युवाओं की तुलना “कॉकरोच” से की गई थी। हालांकि बाद में इस पर सफाई भी आई, लेकिन तब तक यह मुद्दा सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल चुका था। इसी के बाद युवाओं ने “कॉकरोच” शब्द को ही विरोध और व्यंग्य का प्रतीक बना लिया।
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ ने खुद को पारंपरिक राजनीति से अलग बताया है। इसका नारा — “Secular, Socialist, Democratic, Lazy” — सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। पार्टी की सदस्यता के लिए भी अनोखी शर्तें रखी गई हैं, जैसे बेरोजगार होना, ऑनलाइन एक्टिव रहना और सिस्टम के खिलाफ अपनी भड़ास निकालने की क्षमता होना।
CJP ने अपना मैनिफेस्टो भी जारी किया है, जिसमें कई बड़े और विवादित वादे किए गए हैं। इनमें महिलाओं को 50% आरक्षण, दलबदल करने वाले नेताओं पर 20 साल की रोक और चुनाव प्रक्रिया में सख्ती जैसे मुद्दे शामिल हैं।
दिलचस्प बात यह है कि यह पूरा आंदोलन सड़कों पर नहीं, बल्कि मोबाइल स्क्रीन पर चल रहा है। एक्सपर्ट्स मानते हैं कि यह भारत की नई “डिजिटल राजनीति” की झलक हो सकती है, जहां मीम्स और ट्रेंड ही विरोध का नया हथियार बन चुके हैं।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है — क्या ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ कुछ दिनों में खत्म हो जाएगी या फिर यह Gen Z के किसी बड़े आंदोलन की शुरुआत साबित होगी? फिलहाल इतना तय है कि भारत का युवा अब अपनी बात कहने के लिए नए और अनोखे तरीके अपना चुका है।
read more: Barabanki News: तनुज पुनिया की एक मुलाकात से गरमाई सियासत, क्या BSP-कांग्रेस आएंगे साथ?









Leave a Reply