Advertisement

UPNews: नशे में अधिकारी का हंगामा, CM पर अभद्र टिप्पणी का आरोप, जांच शुरू

UP Electricity Department

UP News: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले से बिजली विभाग को शर्मसार करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां 220 केवी विद्युत उपकेन्द्र के कंट्रोल रूम में तैनात एक वरिष्ठ अधिकारी पर शराब के नशे में धुत होकर हंगामा करने और मुख्यमंत्री समेत शासन-प्रशासन के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगा है। घटना के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है।

मामला 29 मई 2026 की रात करीब 11:30 बजे का बताया जा रहा है। उपकेन्द्र पर तैनात अवर अभियंता देवेश कुमार ने अपने उच्चाधिकारियों को लिखित शिकायत पत्र भेजकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी है। शिकायत में अधिशाषी अभियंता रजनीश कुमार उपाध्याय पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। आरोपी अधिकारी नशे की हालत में कंट्रोल रूम में पहुंचे और वहां मौजूद कर्मचारियों के सामने शासन-प्रशासन और मुख्यमंत्री के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने लगे। ड्यूटी पर मौजूद टीजी-2 कर्मचारी अमित कुमार वर्मा ने जब उन्हें ऐसा करने से रोका, तो वह भड़क गए और कर्मचारी को भी गालियां देने लगे। इससे मौके पर मौजूद कर्मचारी भयभीत हो गए।

बताया जा रहा है कि जब हंगामा बढ़ा तो कर्मचारियों ने उन्हें कंट्रोल रूम से बाहर जाने के लिए कहा, जिसके बाद वह गाली-गलौज करते हुए बाहर निकल गए। इस पूरी घटना का वहां मौजूद कुछ कर्मचारियों ने वीडियो भी बना लिया, जिसे शिकायत के साथ साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत किया गया है।

अवर अभियंता देवेश कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोषी अधिकारी के खिलाफ सख्त विभागीय और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही इस शिकायत की प्रतिलिपि संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है।

सूत्रों के अनुसार, बिजली विभाग के उच्च अधिकारी इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच की तैयारी कर रहे हैं। माना जा रहा है कि जांच के बाद आरोपी अधिकारी पर निलंबन जैसी बड़ी कार्रवाई हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *