Lucknow News: राजधानी लखनऊ के चिनहट कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मटियारी तिराहे पर अवैध ई-रिक्शा स्टैंड के कारण भीषण जाम की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह अवैध स्टैंड पुलिस के कथित संरक्षण में धड़ल्ले से संचालित हो रहा है, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मटियारी चौकी के ठीक सामने मुख्य सड़क पर ई-रिक्शा चालकों द्वारा अपने वाहनों को आड़े-तिरछे और बेतरतीब ढंग से खड़ा कर दिया जाता है। इसके चलते व्यस्त समय में यहां जाम की स्थिति भयावह हो जाती है। राहगीरों के साथ-साथ वाहन चालकों को भी लंबी देर तक फंसे रहना पड़ता है, जिससे उनका समय और ईंधन दोनों बर्बाद होते हैं।
स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि पैदल चलने वाले लोगों के लिए भी रास्ता निकालना मुश्किल हो जाता है। वहीं, एम्बुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं को भी इस जाम के कारण बाधित होना पड़ता है, जो किसी भी समय गंभीर स्थिति पैदा कर सकता है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह पूरा मामला मटियारी पुलिस चौकी और यातायात पुलिस की नाक के नीचे हो रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि बिना पुलिस की जानकारी या सहमति के इस तरह खुलेआम नियमों की अनदेखी संभव नहीं है। इससे पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय दुकानदारों और निवासियों ने प्रशासन से इस समस्या का जल्द समाधान निकालने की मांग की है। उनका कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो स्थिति और भी विकट हो सकती है।













Leave a Reply