Lucknow Crime: लखनऊ के चिनहट इलाके में हुए चर्चित अपहरण और लूटकांड ने पुलिस महकमे को हिला कर रख दिया है। इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि कमता चौकी इंचार्ज मोहित खुद इस वारदात में शामिल था। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि लूटे गए पांच लाख रुपये में उसका भी बराबर का हिस्सा था और घटना के समय वह आरोपियों की गाड़ी में मौजूद था।
यह सनसनीखेज मामला 10 जून का है, जब पीजीआई क्षेत्र के तेलीबाग स्थित वृंदावन कॉलोनी निवासी दिवाकर सिंह और उनके साथी अनूप शुक्ला को निवेश के बहाने चिनहट बुलाया गया। यहां उन्हें अगवा कर असलहे के बल पर पांच लाख रुपये लूट लिए गए। घटना के बाद दिवाकर के भाई प्रभाकर सिंह ने चिनहट थाने में जय प्रकाश यादव, आनंद दुबे समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
जांच के दौरान पुलिस ने कमता चौकी के सिपाही पूर्ण सिंह और उसके तीन साथियों को गिरफ्तार कर लिया। पूर्ण सिंह को निलंबित कर उसके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। वहीं, चौकी इंचार्ज मोहित का नाम सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। फिलहाल मोहित फरार है और उसकी तलाश तेज कर दी गई है।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस टीम अब मुजफ्फरनगर जाने की तैयारी में है, जहां मोहित के पैतृक घर पर दबिश दी जाएगी। साथ ही उसके करीबी रिश्तेदारों और संपर्कों से भी पूछताछ की जाएगी। सर्विलांस के जरिए उसकी कॉल डिटेल खंगाली जा रही है, जिससे कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं।
इस मामले में सीआरपीएफ में तैनात दरोगा जयप्रकाश यादव और आरोपी आनंद दुबे की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई है। पुलिस इन दोनों समेत अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। हालांकि, वारदात के खुलासे के बाद सभी आरोपियों ने अपने मोबाइल फोन बंद कर लिए हैं, जिससे उनकी लोकेशन ट्रेस करने में दिक्कत आ रही है।
चिनहट पुलिस के साथ-साथ क्राइम ब्रांच की टीम भी इस मामले में जुट गई है। इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्र के मुताबिक, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही सभी को पकड़ लिया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि इस मामले में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह विभाग का ही क्यों न हो। फिलहाल लखनऊ से लेकर मुजफ्फरनगर तक पुलिस की टीमें सक्रिय हैं और ताबड़तोड़ छापेमारी जारी है। इस मामले ने एक बार फिर पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।













Leave a Reply