Barabanki News: देवा-चिनहट मार्ग पर चक्रहार चौराहे के पास तेज रफ्तार मिक्सर डंपर ने बाइक सवार इलेक्ट्रीशियन को कुचल दिया। हादसे में 30 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद डंपर चालक वाहन लेकर फरार हो गया, हालांकि पुलिस ने बाद में उसे डंपर समेत हिरासत में ले लिया।
मिली जानकारी के मुताबिक, अलीपुर गांव निवासी मुदित मंगलवार शाम बाइक से अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान चक्रहार चौराहे के पास पीछे से आए तेज रफ्तार मिक्सर डंपर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से मुदित उछलकर सड़क पर गिर पड़े और डंपर उन्हें कुचलता हुआ निकल गया।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग मदद के लिए दौड़े, लेकिन तब तक मुदित की जान जा चुकी थी। बताया जा रहा है कि हादसे के समय मुदित ने हेलमेट भी पहन रखा था, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।
मुदित पेशे से इलेक्ट्रीशियन थे और लोगों के घरों में काम करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। करीब 10 साल पहले उनकी शादी जूली वर्मा से हुई थी। उनका पांच साल का एक बेटा भी है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।घटना के बाद चालक डंपर लेकर फरार हो गया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से डंपर की पहचान की।
माती कोतवाल अजय त्रिपाठी के मुताबिक, मिक्सर डंपर चिनहट इलाके की एक निजी कंपनी का है। पुलिस ने चालक को डंपर समेत हिरासत में ले लिया है। वहीं, सीओ सिटी आफताब आलम ने बताया कि मामले में तहरीर मांगी गई है और तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।


