Prayagraj Magh Mela: तीर्थराज प्रयागराज में चल रहे पवित्र माघ मेले के दौरान स्वच्छता व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने वाले सफाई कर्मियों और सफाई नायकों के सम्मान में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्वच्छता कर्मियों के अथक परिश्रम, समर्पण और सेवा भावना को सम्मानित करते हुए उनके योगदान की खुलकर सराहना की गई।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि लाखों श्रद्धालुओं की आस्था के इस महाकुंभ समान आयोजन को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने में सफाई कर्मियों की भूमिका सबसे अहम होती है। दिन-रात कठिन परिस्थितियों में काम करते हुए ये कर्मी मेले की स्वच्छता और व्यवस्था को बनाए रखते हैं, जिससे श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के स्नान और दर्शन कर सकें।
वक्ताओं ने यह भी कहा कि सफाई मित्र सिर्फ कर्मचारी नहीं, बल्कि समाज की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं। उनका सम्मान करना समाज की नैतिक जिम्मेदारी है। इस कार्यक्रम के माध्यम से उनके श्रम और समर्पण के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई और समाज से भी उनके कार्य का सम्मान करने की अपील की गई।
इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नीति एवं शोध विभाग के प्रदेश सह-संयोजक अंगद सिंह पटेल, जयकरण पासी, अंकित जी, मंजेश सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे और सभी ने सफाई कर्मियों के कार्य की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में स्वच्छता को जन आंदोलन बनाने और सफाई कर्मियों के सम्मान को समाज की प्राथमिकता बनाने का संदेश दिया गया।













Leave a Reply