LucknowNews:लखनऊ के विभूतिखण्ड थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। समिट चौकी क्षेत्र के अंतर्गत IGP रोड पर स्थित NTPC भवन के सामने एक निर्माणाधीन व्यावसायिक इमारत में काम के दौरान अचानक बेसमेंट की मिट्टी और निर्माण सामग्री धंस गई। इस हादसे में दो मजदूर मलबे में दब गए, जिनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरा मजदूर मामूली रूप से घायल है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना सुबह लगभग 10 बजे हुई जब मजदूर बेसमेंट में निर्माण कार्य में लगे हुए थे। अचानक जमीन का एक हिस्सा धंस गया और देखते ही देखते दोनों मजदूर भारी मलबे के नीचे दब गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और अन्य मजदूरों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही विभूतिखण्ड थाना प्रभारी और समिट चौकी इंचार्ज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायर सर्विस और एसडीआरएफ की टीम को भी तत्काल बुलाया गया। राहत और बचाव कार्य तेजी से शुरू किया गया और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला गया। दोनों को तुरंत इलाज के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल भेजा गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने बाराबंकी जिले के ग्राम अमौली कीरतपुर निवासी 36 वर्षीय लक्ष्मी शंकर अवस्थी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दूसरे मजदूर तुलसीराम, निवासी ग्राम भीकम पट्टी, थाना सफदरगंज, को हल्की चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौके पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और निर्माण स्थल की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण मिट्टी का कमजोर होना और निर्माण में सुरक्षा मानकों की अनदेखी माना जा रहा है।
https://youtu.be/tfb-8YIGPYE?si=nEG36RKtgbxFqSn0













Leave a Reply