Advertisement

Lucknow News: गोमती नगर में VIP इलाके में जुगाड़ वाली बिजली! लोगों में नाराजगी

Lucknow Electricity News

Lucknow News: राजधानी लखनऊ के वीआईपी इलाके गोमती नगर से बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। विराज खंड पावर हाउस क्षेत्र के अंतर्गत 3/511 के सामने पार्क में लगा 400 KVA का मुख्य ट्रांसफार्मर पिछले एक महीने से खराब पड़ा हुआ है। हैरानी की बात यह है कि इतने समय बीत जाने के बाद भी विभाग ने इसे बदलने की कोई ठोस व्यवस्था नहीं की है।

जानकारी के अनुसार करीब एक महीने पहले यह ट्रांसफार्मर जल गया था। नियम के मुताबिक ऐसे मामलों में 24 से 48 घंटे के भीतर नया ट्रांसफार्मर लग जाना चाहिए था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इसके बजाय बिजली विभाग ने वहां एक ट्रॉली ट्रांसफार्मर लगाकर काम चलाना शुरू कर दिया। यह ट्रॉली ट्रांसफार्मर अस्थायी व्यवस्था के लिए होता है, लेकिन यहां इसे लंबे समय से उपयोग में लिया जा रहा है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि पिछले 30 दिनों से वे लगातार विभाग के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन हर बार उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिलता है। लोगों का आरोप है कि भीषण गर्मी के चलते बिजली की मांग बढ़ गई है और ऐसे में इस अस्थायी व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है। इससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

इसके अलावा, ट्रॉली ट्रांसफार्मर की क्षमता स्थायी ट्रांसफार्मर से कम होती है, जिसके कारण इलाके में बार-बार बिजली ट्रिपिंग और लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। इससे लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है और गर्मी में परेशानी और बढ़ गई है।

स्मार्ट सिटी के दावों के बीच गोमती नगर जैसे पॉश इलाके में इस तरह की लापरवाही अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर जल्द ही नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया तो वे बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

निवासियों ने MVVNL और UPPCL के अधिकारियों से मांग की है कि जल्द से जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाया जाए और इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा न हो।

read more: Lucknow News: ₹2.11 लाख जमा करने के बाद भी नहीं मिला बिजली कनेक्शन, झटपट पोर्टल की पोल खुली

https://youtu.be/fWFmyny03V4?si=72YnPYSehTAvJfFT

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *