Barabanki News: उत्तर प्रदेश जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) कार्यालय से सामने आई एक घटना ने सरकारी कार्यप्रणाली और वीआईपी कल्चर पर बहस छेड़ दी है। नव नियुक्त CMO डॉ. रंजन गौतम के स्वागत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उनका भव्य और ‘शाही अंदाज’ में स्वागत किया जाता दिखाई दे रहा है।
बुधवार को डॉ. रंजन गौतम जब अपने परिवार के साथ कार्यभार संभालने के लिए कार्यालय पहुंचे, तो वहां का नजारा सामान्य नहीं था। कार्यालय के मुख्य द्वार पर लाल कालीन बिछाई गई थी, सरकारी वाहन को फूलों से सजाया गया था और जैसे ही वे गाड़ी से उतरे, उन पर गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा की गई। कर्मचारियों और कुछ डॉक्टरों ने फूलों के बुके भेंट कर उनका स्वागत किया और रेड कार्पेट से होते हुए उन्हें कार्यालय के अंदर ले जाया गया।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं दीं। कई लोगों ने इसे सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग और अनावश्यक वीआईपी कल्चर का उदाहरण बताया। वहीं, स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि कुछ कर्मचारियों ने नए अधिकारी को प्रभावित करने के उद्देश्य से इस तरह का आयोजन किया।
विवाद बढ़ने पर CMO डॉ. रंजन गौतम ने सफाई देते हुए कहा कि उन्हें इस स्वागत की कोई पूर्व जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों ने भावनात्मक रूप से ऐसा किया और उन्होंने भविष्य में ऐसी घटनाएं न दोहराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वे वीआईपी कल्चर के खिलाफ हैं और जनता की सेवा उनकी प्राथमिकता है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने जांच के आदेश दिए हैं। इस प्रकरण की जांच के लिए एक कमेटी गठित की गई है, जो पूरे मामले की रिपोर्ट देगी। साथ ही, जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी कार्यालयों में सादगी बनाए रखना अनिवार्य है और इस प्रकार के तड़क-भड़क वाले स्वागत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग में हलचल बढ़ गई है और अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी है।













Leave a Reply