Advertisement

Barabanki News: पुलिस चौकी के पास बड़ी चोरी, लाखों की नकदी और जेवरात लेकर फरार हुए चोर

हैदरगढ़ में चोरों का आतंक

Barabanki News: बाराबंकी के हैदरगढ़ कस्बे में पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। कोतवाली और पुलिस चौकी से महज कुछ कदमों की दूरी पर चोरों ने लाखों की नकदी और कीमती जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, लखनऊ-सुल्तानपुर रोड (एनएच-731) पर स्थित नगर पंचायत हैदरगढ़ में मुख्य चौराहे के पास एक बिल्डिंग की दूसरी मंजिल पर यह चोरी हुई। यह मकान पेशे से शिक्षक सुजीत कुमार का है, जो पिछले 9 वर्षों से यहां रहकर क्षेत्र के मालिनपुर गांव में सरकारी शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं। मूल रूप से वह जौनपुर जिले के निवासी हैं।

पीड़ित सुजीत कुमार ने बताया कि वह 26 जून को अपनी पत्नी और बेटी के साथ बेटी के इलाज के लिए बाराबंकी गए हुए थे। 5 जुलाई की शाम जब वह वापस लौटे तो घर का नजारा देखकर हैरान रह गए। घर के दरवाजे टूटे हुए थे और अंदर अलमारी, बक्से, बेड आदि का सारा सामान बिखरा पड़ा था।

चोरों ने अलमारी का लॉकर तोड़कर करीब 7 लाख रुपये नकद और परिवार के सोने-चांदी के सभी जेवरात चोरी कर लिए। इनमें दो मंगलसूत्र, पांच सोने की चैन, झुमके, अंगूठियां, बाली, नथ, चांदी के पायल, बिछिया और अन्य कीमती सामान शामिल हैं। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए।

पीड़ित परिवार ने पुलिस को तहरीर दी, जिसके बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि कोतवाली से मात्र 200 मीटर की दूरी पर इतनी बड़ी वारदात कैसे हो गई। इससे पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। परिजनों ने मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से भी करने की बात कही है। इस घटना के बाद क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *