Headlines

UP News: हरदोई में बिजली व्यवस्था पर उठे सवाल, रामज्ञान गुप्ता ने सरकार पर साधा निशाना

हरदोई में बिजली का बुरा हाल हरदोई में बिजली का बुरा हाल

UP News: यूपी के जनपद हरदोई में लगातार बिगड़ती बिजली व्यवस्था को लेकर अब राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश सचिव एवं नगर पालिका हरदोई से अध्यक्ष पद के पूर्व प्रत्याशी रहे रामज्ञान गुप्ता ने बिजली विभाग और सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

रामज्ञान गुप्ता ने बताया कि हरदोई के सांडी चुंगी सर्कुलर रोड पर पिछले सप्ताह करीब 17 घंटे बाद बिजली आपूर्ति बहाल की गई थी। वहीं, 13 जुलाई 2026 की रात 9 बजे से एक बार फिर इलाके में बिजली गुल है, जो अब तक बहाल नहीं हो सकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिम्मेदार अधिकारी फोन तक नहीं उठा रहे हैं, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि पूरे जनपद में बिजली व्यवस्था बदहाल हो चुकी है। बच्चे मोमबत्ती की रोशनी में पढ़ाई करने को मजबूर हैं और कई जगहों पर हालात ऐसे हैं कि बच्चे स्कूल तक नहीं जा पा रहे। वहीं, पानी की किल्लत भी गंभीर रूप ले चुकी है और लोग एक-एक बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं।

रामज्ञान गुप्ता ने आगे कहा कि भीषण गर्मी और बिजली कटौती के कारण आम जनमानस पूरी तरह परेशान है। मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है। उन्होंने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सरकार के सभी वादे झूठे और खोखले साबित हो रहे हैं, जबकि जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है।

उन्होंने बिजली विभाग में भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए। उनके अनुसार विभाग में मानकों के अनुरूप काम नहीं किया जा रहा है और घटिया क्वालिटी के तार व उपकरण लगाए जा रहे हैं, जिसके चलते बार-बार लोकल फाल्ट और तकनीकी समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं।

अंत में रामज्ञान गुप्ता ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो समाजवादी कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे और भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन चलाया जाएगा।

रिपोर्ट : राखी निगम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *