Lucknow News: लखनऊ के गोमती नगर विस्तार इलाके में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। सेक्टर-06 चौकी क्षेत्र में स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान के बाहर हर शाम अराजक स्थिति देखने को मिल रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शराबियों ने सड़क को ही अड्डा बना लिया है, जिससे राहगीरों और आसपास रहने वाले परिवारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम ढलते ही शराब के ठेके के बाहर लोगों की भीड़ जुटने लगती है। कई लोग खुलेआम सड़क किनारे शराब पीते दिखाई देते हैं, जबकि उनके वाहन बेतरतीब तरीके से सड़क पर खड़े रहते हैं। हालत यह हो जाती है कि मुख्य मार्ग पर निकलना मुश्किल हो जाता है। सड़क का बड़ा हिस्सा पार्किंग और खुले “मयखाने” में तब्दील हो चुका है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस समस्या की जानकारी कई बार पुलिस और चौकी प्रभारी को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का आरोप है कि पुलिस की अनदेखी के चलते शराबियों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं। क्षेत्र के नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते सख्ती नहीं की गई तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी लोगों में चिंता बढ़ रही है। स्थानीय परिवारों का कहना है कि शाम के समय घर से निकलना असहज हो जाता है। कई बार शराब के नशे में लोग सड़क पर हंगामा करते दिखाई देते हैं, जिससे माहौल खराब होता है।
नागरिकों ने पुलिस कमिश्नर से मांग की है कि इलाके में नियमित गश्त बढ़ाई जाए और सड़क पर कब्जा कर खुलेआम शराब पीने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। लोगों का यह भी कहना है कि यदि चौकी स्तर पर कार्रवाई नहीं हो रही है तो उच्च अधिकारियों को सीधे हस्तक्षेप करना चाहिए।
स्थानीय लोगों द्वारा साझा की गई तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि सड़क के किनारे से लेकर मुख्य हिस्से तक वाहनों की लंबी कतार लगी हुई है। यह दृश्य न सिर्फ ट्रैफिक व्यवस्था पर सवाल उठाता है, बल्कि स्थानीय पुलिस की कार्यशैली को भी कटघरे में खड़ा करता है। अब देखने वाली बात होगी कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब तक कार्रवाई करता है।













Leave a Reply